Site icon Uttarakhand Update

प्यार में धोखा देना पड़ा युवक को भारी, प्रेमिका ने दी 5 लाख की सुपारी !

Badowala Bank Employee Firing Case :- प्यार में धोखा देना पड़ा युवक को भारी, प्रेमिका ने दी 5 लाख की सुपारी !

Badowala Bank Employee Firing Case :- देहरादून के बड़ोवाला इलाके में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग की घटना ने अब एक चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे किसी अनजान दुश्मनी की बजाय पुराने प्रेम संबंध और कथित धोखे की कहानी थी। पुलिस के मुताबिक, बैंककर्मी से प्रेम संबंध टूटने के बाद उसकी पूर्व प्रेमिका ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और इसके लिए शूटरों को पांच लाख रुपये की सुपारी दी।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए खुशखबरी, मानदेय में होगी बंपर बढ़ोतरी !

मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता युवती समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शूटर को भी गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब फरार चल रहे एक अन्य आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की शाम सत्यम कुमार अपनी स्कूटी से बड़ोवाला स्थित अपने घर की तरफ जा रहे थे।

वह वी-मार्ट मंडी चौक से आगे बढ़े ही थे कि जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक रोक दी। आरोप है कि दोनों युवकों ने सत्यम को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली उनके शरीर के दाहिने हिस्से को छीलते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपितों की तलाश तेज कर दी।

मुठभेड़ में एक शूटर के पैर में लगी गोली

शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग की घटना में शामिल आरोपित दोबारा देहरादून पहुंच रहे हैं। इसके बाद पटेलनगर पुलिस ने इलाके में चेकिंग शुरू की। गोरखपुर चौक के पास पुलिस ने बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक मौके से भागने लगे।

पीछा करने पर उन्होंने चाय बागान की पगडंडी के पास बाइक छोड़ दी और जंगल की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी की पहचान अंकित चौहान के रूप में हुई। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

पांच लाख रुपये में तय हुआ था हत्या का सौदा

पूछताछ में पुलिस को इस मामले की कथित साजिश के बारे में अहम जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, अंकित चौहान ने बताया कि उसकी पहचान मोहित के माध्यम से मालिया रहमान नाम की युवती से हुई थी। आरोप है कि मालिया के कहने पर उसने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर बैंककर्मी पर हमला किया था। पुलिस के अनुसार, सत्यम को मारने के बदले पांच लाख रुपये देने की बात तय हुई थी। इसमें से करीब 1.20 लाख रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे। बाकी रकम हमले के बाद देने की बात सामने आई है। आरोप है कि मालिया ने शूटर को सत्यम की तस्वीर और उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी उपलब्ध कराई थी।

पुराने प्रेम संबंध से शुरू हुई कहानी

पूछताछ में मालिया ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 से 2023 के बीच वह हरिद्वार स्थित उज्जीवन बैंक में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सत्यम से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बाद में परिवार के दबाव में मालिया ने वर्ष 2023 में सहारनपुर के एक व्यक्ति से शादी कर ली। हालांकि, शादी के बाद भी सत्यम के साथ उसका संपर्क बना रहा। पुलिस के मुताबिक, बाद में उसकी शादी टूट गई और वह अपने मायके में रहने लगी।

ऋषिकेश में हैरान करने वाला मामला एंबुलेंस के गड्ढे में गिरते ही ‘मुर्दा’ हो गया ज़िंदा !

वर्ष 2025 में सत्यम की नौकरी देहरादून में हो गई। मालिया का आरोप है कि सत्यम लंबे समय तक उसे शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन फरवरी 2026 में उसने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद दोनों के बीच दूरी बढ़ती चली गई।

पुलिस के सामने युवती ने लगाए गंभीर आरोप

पुलिस पूछताछ के दौरान मालिया ने दावा किया कि सत्यम ने उसे मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान किया था। उसका कहना है कि इसी वजह से वह बेहद आहत हुई और उसने शूटरों की मदद से हमला करवाने का फैसला किया। पुलिस ने इस मामले में मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार आरोपी अंकुर की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले में आरोपितों की भूमिका और पैसों के लेन-देन समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

नंदानगर के रामणी गांव में छात्र-छात्रा का शव मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस !

Disclaimer :- इस लेख में दी गई जानकारी पुलिस द्वारा पूछताछ और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों तथा उपलब्ध पुलिस विवरण पर आधारित है। इसमें बताए गए आरोप अभी जांच और कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा हैं। किसी भी आरोपित को अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने तक उसे कानूनी रूप से निर्दोष माना जाता है।

Exit mobile version