Site icon Uttarakhand Update

देहरादून में स्वाइन फ्लू के साथ डेंगू और कोविड ने भी बढ़ाई चिंता, एक दिन में मिले 32 नए मरीज !

Dehradun Swine Flu Cases Increase :- देहरादून में इन दिनों बदलते मौसम के बीच बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट ने...

Dehradun Swine Flu Cases Increase :- देहरादून में इन दिनों बदलते मौसम के बीच बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जिले में Swine Flu (H1N1/Influenza) के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गुरुवार को जांच के लिए भेजे गए 51 सैंपल में से 32 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें 22 मरीज देहरादून के हैं, जबकि 10 मरीज दूसरे जिलों से हैं। हालांकि, इस बीच राहत की खबर भी सामने आई है। अब तक संक्रमित हुए कई मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार जांच, निगरानी और उपचार की व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।

ये हैं देहरादून के सबसे चर्चित स्कूल, जहां पढ़ चुके हैं देश के नामी चेहरे !

देहरादून में Swine Flu के मामले लगातार बढ़े

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक Swine Flu की जांच के लिए कुल 459 सैंपल लिए गए हैं। इनमें 213 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमित मरीजों में 144 देहरादून जिले के हैं, जबकि 69 मरीज अन्य क्षेत्रों से संबंधित हैं। अच्छी बात यह है कि इनमें से 149 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वहीं, 62 संक्रमित मरीज फिलहाल अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।

स्वाइन फ्लू से हुई मौतों के मामले में डेथ ऑडिट के बाद अब तक दो मौतों को रिपोर्ट में शामिल किया गया है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और जांच व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।

कोविड के भी तीन नए मामले सामने आए

स्वाइन फ्लू के साथ कोविड संक्रमण के नए मामले भी सामने आए हैं। गुरुवार को कोविड जांच के लिए 26 सैंपल लिए गए, जिनमें तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें दो मरीज देहरादून के और एक मरीज दूसरे क्षेत्र का है। अब तक जिले में कोविड के लिए 252 सैंपल की जांच की जा चुकी है। इनमें कुल 37 संक्रमित सामने आए हैं। इनमें 15 मरीज देहरादून के और 22 अन्य क्षेत्रों के हैं।

राहत की बात यह है कि 36 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। फिलहाल एक संक्रमित मरीज एम्स में भर्ती है। अब तक कोविड संक्रमण से किसी मौत की सूचना नहीं है। उम्र के लिहाज से देखें तो संक्रमित मरीजों में अलग-अलग आयु वर्ग के लोग शामिल हैं। रिपोर्ट में 61 से 70 वर्ष की उम्र के 38 मरीज तथा 1 से 10 और 51 से 60 वर्ष की उम्र के 37-37 मरीज शामिल हैं।

उत्तराखंड के अग्निवीरों की बल्ले-बल्ले, रिटायर्ड आते ही मिलेगी सरकारी नौकरी !

डेंगू के तीन नए मरीज मिले

देहरादून में डेंगू को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार जांच और निगरानी की जा रही है। गुरुवार को डेंगू की जांच के लिए 484 सैंपल लिए गए। इनमें तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। संक्रमितों में दो देहरादून के और एक अन्य जिले का निवासी है। सभी मरीजों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। जिले में अब तक डेंगू की जांच के लिए 24,384 सैंपल लिए जा चुके हैं।

इनमें 127 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें 62 मरीज देहरादून जिले के हैं, जबकि 65 मरीज दूसरे जिलों से हैं। फिलहाल 15 डेंगू संक्रमित मरीज अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं, 112 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। राहत की बात यह भी है कि अब तक डेंगू के कारण किसी मरीज की मौत दर्ज नहीं हुई है।

मलेरिया का भी सामने आया नया मामला

वेक्टर बार्न डिजीज यानी मच्छर से फैलने वाली बीमारियों की निगरानी के दौरान मलेरिया का भी एक नया मामला सामने आया है। संचयी आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक मलेरिया के 75 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए क्षेत्रीय सर्वे, जांच और जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। मच्छरों की रोकथाम के साथ लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने और पानी जमा न होने देने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

ऋषिकेश में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में होटल मैनेजर और संचालक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार !

एक साथ Swine Flu, कोविड, डेंगू और मलेरिया के मामले सामने आना स्वास्थ्य विभाग के लिए भी चुनौती है। ऐसे में लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतने की जरूरत है। बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी, शरीर में तेज दर्द या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिवार के सदस्यों को अधिक सतर्क रहना चाहिए। किसी भी बीमारी के लक्षण दिखने पर डॉक्टर से सलाह लेना और जरूरत के अनुसार जांच कराना बेहतर है।

Disclaimer :- यह लेख उपलब्ध स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट और दिए गए आंकड़ों के आधार पर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य केवल सामान्य जानकारी देना है। किसी बीमारी के लक्षण, उपचार या दवा को लेकर स्वयं निर्णय न लें। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर योग्य डॉक्टर या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से सलाह लें।

Exit mobile version