Chamoli Gauchar Bus Accident :- चारधाम यात्रा पर निकली एक महिला श्रद्धालु के लिए यह यात्रा जिंदगी का आखिरी सफर बन गई। उत्तराखंड के चमोली जनपद स्थित गौचर मेला ग्राउंड में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने वहां मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। हादसे में उत्तर प्रदेश की रहने वाली 67 वर्षीय महिला श्रद्धालु की बस से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, बकरीद में सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं !
गौचर मेला ग्राउंड में हुआ हादसा
कोतवाल विनोद थापलियाल के अनुसार पुलिस को कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि गौचर मेला ग्राउंड में एक महिला को बस ने कुचल दिया है। सूचना मिलते ही चौकी गौचर से पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बस संख्या DD01 R 9725 के अगले दाहिने टायर के नीचे महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी हुई थी। बताया जा रहा है कि बस सड़क किनारे खड़ी थी और इसी दौरान यह हादसा हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गंभीर रूप से घायल महिला को आनन-फानन में प्राथमिक चिकित्सालय गौचर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका की पहचान राजकुमारी पत्नी शशिकांत शर्मा निवासी ग्राम एवं पोस्ट पचोखरा, थाना दिलदारनगर, तहसील जमानिया, जिला गाजीपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उनकी उम्र 67 वर्ष बताई गई है।
जून में राहुल गांधी आएंगे उत्तराखंड, कांग्रेस को मिलेगी नई ताकत या फिर बढ़ेगा अंदरूनी संकट !
15 मई को परिवार के साथ निकली थीं चारधाम यात्रा पर
जानकारी के मुताबिक राजकुमारी अपने परिवार के साथ 15 मई 2026 को चारधाम यात्रा के लिए घर से निकली थीं। ऋषिकेश पहुंचने के बाद उन्होंने बस संख्या UK 11PA 4040 से यात्रा शुरू की थी। परिवार के साथ भगवान के दर्शन करने निकली महिला की इस तरह अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में है।
चारधाम यात्रा के लिए घंटों इंतजार के बाद भी नहीं हो पा रहा रजिस्ट्रेशन, तीर्थयात्री परेशान !
गुजरात के यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया बद्रीनाथ
पुलिस ने बताया कि जिस बस से हादसा हुआ उसमें गुजरात के यात्री सवार थे। घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस के जरिए बद्रीनाथ के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं दूसरी बस में सवार यात्रियों को भी सुरक्षित यात्रा जारी रखने की व्यवस्था की गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक मितेश कुमार मोदी पुत्र बृजलाल निवासी सुरमे बंगला, गांधीनगर वीजापुर, मेहसाना गुजरात को हिरासत में ले लिया है। साथ ही हादसे में शामिल बस को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस कर रही पंचायतनामा और जांच की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। शुरुआती जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके। चारधाम यात्रा के दौरान लगातार बढ़ती भीड़ और वाहनों के दबाव के बीच इस तरह के हादसे सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। श्रद्धालुओं से भी अपील की जा रही है कि यात्रा के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतें।




